बीता वर्ष सिने बॉक्स ऑफिस के लिए बेहतरीन साबित हुआ था। पूरे वर्ष न सिर्फ हिन्दी फिल्मों अपितु दक्षिण भारतीय फिल्मों ने भी जमकर कमाई की थी। लेकिन 2024 दोनों के लिए अभी तक सफल साबित नहीं हो पाया है। दक्षिण में जहाँ संक्रांति के मौके पर प्रदर्शित हुई हनु मैन को सफलता मिली है, वहीं दूसरी ओर हिन्दी में गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रदर्शित हुई फाइटर को औसत सफलता मिली है। अभी वर्ष के 10 महीने बाकी हैं और इस दौरान कई बड़ी फिल्मों का प्रदर्शन होना है। सिनेमाघरों में ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ लगी हुई है जिसका कलेक्शन बहुत उत्साहजनक नहीं है। केवल बॉलीवुड ही नहीं साउथ की फिल्म ‘लाल सलाम’ का भी ऐसा ही हाल लग रहा है। रजनीकांत की फिल्म तो जैसे औंधे मुंह गिरी। साउथ की इस साल रिलीज हुई ‘हनु मैन’ को छोड़ दें तो बाकी कोई बड़ी फिल्म नजर नहीं आती। रजनीकांत की फिल्मों का बज काफी रहता है लेकिन ‘लाल सलाम’ फीकी रही। फिल्म डबल डिजिट कलेक्शन से काफी दूर है। तीसरे दिन के कलेक्शन का शुरुआती आंकड़ा आ गया है। वेब पोर्टल Sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने तीसरे दिन केवल 3 करोड़ का कलेक्शन किया। फिल्म ने पहले दिन शुक्रवार को 3.55 करोड़ और शनिवार को 3.25 करोड़ जुटाए थे। इस तरह 3 दिन में फिल्म का कुल कलेक्शन 9.70 करोड़ हो गया है।
तमिल स्पोर्ट्स ड्रामा ‘लाल सलाम’ में विष्णु विशाल और विक्रांत लीड रोल में हैं। फिल्म 9 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इसे रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या रजनीकांत ने डायरेक्ट किया है। 8 साल के बाद वह डायरेक्शन में लौटी हैं।
हिन्दुस्तान टाइम्स से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘8 साल बाद लौटना वैसा ही था कि आप अपने पुराने दोस्त के साथ हैं। आपको हर दिन टच में रहने की जरूरत नहीं लेकिन आप बात करते हैं। यह मछली के पानी में होने जैसा है। मैंने अपने बेटों के साथ खूबसूरत 8 साल बिताए। मैं इस वक्त को खोना नहीं चाहती थी।’