बिहार में बढ़ी हलचल, होने वाला कुछ बड़ा, राजभवन पहुंचे सीएम नीतीश कुमार

बिहार राज्य

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक ही राजभवन पहुंच गए इसके साथ ही बिहार में सियासी हलचल बढ़ गई. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिलने राजभवन पहुंचे तब साथ में मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद थे. मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सीधे राजभवन पहुंच गए. हालांकि, करीब 40 मिनट की मुलाकात के बाद जब नीतीश कुमार राज्यपाल से मुलाकात कर निकले तो उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की.

मिली जानकारी के अनुसार, ये मुलाकात औपचारिक थी और कई विश्वविद्यालयों में कुलपतियों व कुलसचिवों की नियुक्ति को लेकर यह मीटिंग हुई है. हाल में शिक्षा विभाग में मंत्री के बदलाव से भी जोड़कर इसको देखा जा रहा है. हालांकि इन बातों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. दूसरी ओर राज्यपाल से मुलाकात को लेकर जीतन राम मांझी के उस वक्तव्य से भी जोड़कर देखा जा रहा है जिसमें उन्होंने बिहार में खेला होने की बात कही है.

बता दें कि बिहार में तब और सरगर्मी तेज हो गई जब हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी ने X (ट्विटर) कर बिहार में खेला होने की बात कही थी. मांझी ने X पर लिखा, बंगला में कहते हैं, “खेला होबे”, मगही में कहतें हैं, “खेला होकतो” भोजपुरी में कहते हैं, “खेला होखी” बाकी तो आप खुद ही समझदार हैं… जीतन राम मंझी के इस ट्वीट के बाद अचानक ही बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है.

हालांकि, जदयू और राजद की ओर से किसी भी तरह के सियासी परिवर्तन से इनकार किया जा रहा है. राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा है कि सरकार मजबूती से चल रही है. वहीं, जदयू के नेता नीरज कुमार ने भी साफ तौर पर कहा कि मीडिया में जो खबरें चल रही हैं, वह निराधार हैं. सरकारी कामकाज को लेकर नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे हैं.

बता दें कि इससे पहले सूचना आई थी कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राहुल गांधी 30 जनवरी को बिहार के पूर्णिया जिले में रैली करेंगे. 31 जनवरी को कटिहार में भी रैली होगी. पूर्णिया में आयोजित रैली में ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी सम्मिलित होंगे. साथ ही वहां पर माले नेता दीपांकर भट्टाचार्य भी रैली में भाग लेंगे. हालांकि, नीतीश कुमार के राजभवन पहुंचने के बाद अचानक सियासी हलचल जरूर बढ़ गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *