सनी देओल के करियर की पहली 100 करोड़ी बनी गदर-2

मनोरंजन

भारतीय बॉक्स ऑफिस के लिए 11 अगस्त से लेकर 13 अगस्त तक का वीकेंड भारतीय सिनेमा के इतिहास का सबसे व्यस्त वीकेंड रहा। इस दौरान रिलीज हुईं ‘जेलर’, ‘गदर 2’, ‘OMG 2’ और ‘भोला शंकर’ जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इसके साथ ही यह भारतीय सिनेमा के बीते 100 साल के इतिहास का ऑल टाइम थिएट्रिकल ग्रॉस बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड बन गया। इन फिल्मों को देखने के लिए देशभर के थिएटर्स में करीबन 2 करोड़ 10 लाख लोग पहुंचे। यह भी बीते 10 साल का एक रिकॉर्ड है। यह जानकारी मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया और प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने एक ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी करके दी। इसके अलावा रविवार का दिन भी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए बेहद खास रहा। सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई बॉलीवुड की तीनों फिल्मों ‘गदर 2’ ‘OMG 2’ और ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ ने रिकॉर्ड-तोड़ कमाई की। सिर्फ रविवार को ही इन तीनों फिल्मों ने मिलकर 72.50 करोड़ रुपए की कमाई की। इसके साथ ही यह हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए सबसे ज्यादा कमाई करने वाला सिंगल डे भी बन गया।

135 करोड़ हुआ ‘गदर 2’ का फर्स्ट वीकेंड कलेक्शन, 43 करोड़ पर पहुँची ओएमजी-2

पहले तो सनी देओल स्टारर फिल्म ‘गदर 2’ ने रविवार को 52 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इसके साथ ही इसने ओपनिंग वीकेंड पर टोटल 135 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है। यह सनी की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। वहीं दूसरी तरफ अक्षय कुमार स्टारर ‘OMG 2’ की कमाई में भी भारी इजाफा हुआ। फिल्म ने रविवार को 17.55 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन 43 करोड़ का रहा।

क्लैश से प्रभावित हुई दोनों फिल्मों की कमाई

गदर 2 की ऑल इंडिया ऑक्यूपेंसी 80 पर्सेंट थी जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। अगर इसका क्लैश ‘OMG 2’ से नहीं होता तो इसकी कमाई में 25 करोड़ तक का इजाफा होता। वहीं अगर ‘OMG 2’ भी ‘गदर 2’ के साथ रिलीज ना होती तो इस फिल्म को भी ज्यादा कैपेसिटी मिलती जिसका फायदा फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को होता। हालांकि, रविवार को फिल्म की ऑल इंडिया ऑक्यूपेंसी करीबन 63 पर्सेंट रहीं।

तीसरे हफ्ते में भी रिकॉर्ड बना रही ‘रॉकी और रानी’

रविवार को सिर्फ इन दोनों फिल्मों ने ही नहीं बल्कि करण जौहर की ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ ने भी चौंकाया। अपनी रिलीज के तीसरे हफ्ते में चल रही इस फिल्म ने रविवार को 3.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। अब इस फिल्म का टोटल कलेक्शन 130 करोड़ रुपए हो चुका
है।

मंगलवार की उम्मीदें

बहरहाल, अब देखने वाली बात यह है कि 15 अगस्त के दिन बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल की गदर-2 क्या तूफान लाती है। रविवार को 52 करोड़ का कारोबार करके उसने यह संकेत दे दिया है कि मंगलवार 15 अगस्त को सनी देओल बॉक्स ऑफिस पर 65 करोड़ तक का कारोबार करने में सफल हो जाएंगे। वहीं दूसरी ओर रविवार को बॉक्स ऑफिस पर 17.55 करोड़ का कारोबार करने वाले अक्षय कुमार भी मंगलवार को लगभग 25 करोड़ रुपये अपनी झोली में डालने में सफल हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *