चंडीगढ़। गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि नूंह की हिंसा किसी मास्टरमाइंड का रचा हुआ प्लान है। अधिकारियों को पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विज ने कहा कि जिस तरह पत्थर इकट्ठे करके, गोलियां चला कर हिंसा हुई है। ये एकदम नहीं हुई, ये किसी न किसी मास्टरमाइंड का प्लान था, जो देश और प्रदेश की शांति भंग करना चाहता है।
विज ने बताया कि केंद्र से सुरक्षाबलों की 20 कंपनियां मंगवाई गई है। एयरफोर्स को भी स्टैंडबाई रखा गया है ताकि यदि एयरलिफ्ट की जरूरत हुई तो हम तैयार रहें। विज ने राजनीतिक पार्टियों को सलाह देते हुए कहा कि यह राजनीति करने का समय नहीं है, शांति बहाल करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। नूंह में हालात नियंत्रण में हैं। इंटरनेट सेवाएं बंद करने के साथ साथ कर्फ्यू लगा दिया गया है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में फोर्स लगा दी गई है।
उन्होंने बताया कि गत दिन भी नूंह के साथ लगते जिलों से फोर्स भेजी गई थी और आज हरियाणा के बाकी हिस्सों से भी फोर्स भेजी जा रही है। दो होमगार्ड के जवान और एक अनजान व्यक्ति की हुई मृत्युः विज ने बताया कि अभी तक दो होमगार्ड के जवान और एक अनजान व्यक्ति की मृत्यु हुई है। बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। तीन पुलिस कर्मियों को गोली लगी है जो वेंटिलेटर पर हैं। उनका उपचार चल रहा है।
