जम्मू कश्मीर : पुंछ में सेना ने चार विदेशी आतंकियों को मुठभेड़ में किया ढ़ेर

देश

पुंछ : जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में चार आतंकियों को मार गिराया है. पुंछ के सिंधरा में हुई मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों चार विदेशी आतंकवादियों को ढ़ेर कर दिया है. क्षेत्र में अन्य आतंकियों के छुपे होने की आशंका के बीच सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाया है.

भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस के एसओजी के जवानों ने विशेष सूचना के आधार पर सोमवार शाम सिंधरा इलाके में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान शुरू किया था. इस दौरान आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई. देर रात अंधेरा होने के बाद मुठभेड़ रुक गई. तब रात्रि निगरानी उपकरणों के साथ ड्रोन तैनात किए गए.

मंगलवार सुबह मुठभेड़ दोबारा शुरू हो गई. इस दौरान चार आतंकियों को ढेर कर दिया गया. सैन्य अधिकारी ने कहा कि मारे गए आतंकी विदेशी हैं. उनकी पहचान करने के प्रयास जारी हैं. वहीं, इससे पहले जम्मू कश्मीर पुलिस के सतर्क जवानों के संयुक्त अभियान में रविवार देररात जिला पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में घुसपैठ की बड़ी कोशिश को विफल कर दिया था. इसके अलावा पुंछ जिले की नियंत्रण रेखा के पास सीमा पार से घुसपैठ का प्रयास कर रहे दो आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *