दिल्ली में बाढ़ से आफत, आईटीओ-राजघाट हुआ पानी-पानी, मुख्यमंत्री केजरीवाल ने मांगी सेना की मदद

दिल्ली/एनसीआर देश राज्य

नई दिल्ली : दिल्ली सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के रेगुलेटर को हुए नुकसान के बाद शुक्रवार को मध्य दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के प्रवेश द्वार तक यमुना का पानी पहुंच गया है. इसके अलावा आईटीओ चौराहा और राजघाट पूरी तरह पानी में डूबे हैं. हालांकि इस बीच राहत भरी खबर ये है कि यमुना का जलस्तर कम होना शुरू हो गया है, लेकिन इंद्रप्रस्थ के पास रेगुलेटर के क्षतिग्रस्त होने से आईटीओ और आसपास के इलाके पानी में पूरी तरह डूबे हुए हैं.

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रेगुलेटर के क्षतिग्रस्त होने के कारण दिल्ली में बाढ़ को रोकने के लिए एनडीआरएफ और सेना से मदद मांगी है. केजरीवाल स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा करेंगे. उन्होंने ट्वीट किया, ‘इस दरार के कारण आईटीओ और आसपास बाढ़ आ रही है. इंजीनियर पूरी रात काम करते रहे. मैंने मुख्य सचिव को सेना/एनडीआरएफ की मदद लेने का निर्देश दिया है, ताकि इसे तत्काल ठीक किया जाए.’

अरविंद केजरीवाल ने मांगी एनडीआरएफ और सेना की मदद
राजस्व मंत्री आतिशी ने कहा, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण टीम एक नाले पर मेड़ का निर्माण कर रही है लेकिन पानी अभी भी शहर में प्रवेश कर रहा है. उन्होंने कहा, ‘अगर जरूरत पड़ी तो एनडीआरएफ और सेना की सभी इंजीनियरिंग शाखाओं से इस मामले में मदद करने का अनुरोध किया जाएगा. मुख्य सचिव को सीएम, आईएंडएफसी मंत्री और राजस्व मंत्री को हर घंटे रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है.’

दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार ने मुख्य सचिव को रेगुलेटर को हुए नुकसान के मामले को प्राथमिकता पर लेने और समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया है. उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘पूरी रात, हमारी टीमें डब्ल्यूएचओ बिल्डिंग के पास ड्रेन नंबर 12 के रेगुलेटर की क्षति को ठीक करने के लिए काम करती रहीं. फिर भी, इस दरार के माध्यम से यमुना का पानी शहर में प्रवेश कर रहा है. सुबह आठ बजे यमुना का जलस्तर 208.42 मीटर था, जबकि 10 बजे यह घटकर 208.38 मीटर हो गया था.

आईटीओ का रास्ता बंद, सड़क पर भरा हुआ है बाढ़ का पानी
आईटीओ और राजघाट इलाकों में बाढ़ के कारण अधिकारियों को यातायात की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाना पड़ा है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक ट्वीट में कहा, ‘डब्ल्यूएचओ बिल्डिंग के पास पानी के तेज प्रवाह के कारण महात्मा गांधी मार्ग पर सराय काले खां से आईपी फ्लाईओवर की ओर किसी भी वाहन को यातायात की अनुमति नहीं दी जाएगी. यात्रियों को इस मार्ग से बचने की सलाह दी जाती है.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *