रूसी सेना के भीतर मतभेद, सहयोगी वैगनर ग्रुप ने शीर्ष कमांडर को बनाया बंधक, वीडियो किया वयरल

विदेश

मॉस्को : यूक्रेन के साथ रूस के युद्ध के बीच रूसी सेना में मतभेद उभर कर सामने आने लगे हैं। युद्ध में रूसी सेना के मजबूत सहयोगी वैगनर ग्रुप ने रूसी सेना के एक शीर्ष कमांडर को बंधक बना लिया है। रूसी सेना और वैगनर ग्रुप के बीच का घमासान इस कदर बढ़ गया है कि वैगनर ग्रुप ने बंधक बनाए शीर्ष कमांडर के वीडियो को सोशल मीडिया पर भी जारी कर दिया है।

वैगनर ग्रुप रूसी सेना के लिए एक बड़े सैन्य बल आपूर्तिकर्ता के रूप में काम करता है। येवगेनी प्रिगोझिन के नेतृत्व वाला वैगनर ग्रुप लगातार यूक्रेन युद्ध में रूसी सेना के लिए सैनिकों की आपूर्ति के साथ युद्धरत है। अब येवगेनी प्रिगोझिन के सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया गया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि रूस की सेना की 72वीं ब्रिगेड के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल रोमन वेनेवितिन को वैगनर ग्रुप ने बंधक बनाया हुआ है।

वीडियो में दिख रहा है कि शराब के नशे में वेनेवितिन ने बताया कि उन्होंने अपने सैनिकों को वैगनर के काफिले पर गोलीबारी करने का आदेश दिया था। वेनेवितिन ने ये भी कहा कि वह वैगनर ग्रुप को पसंद नहीं करता और बाद में माफी भी मांगी। इससे पहले पिछले सप्ताह भी प्रिगोझिन ने कुछ वीडियो जारी कर सेना पर गंभीर आरोप लगाए थे। प्रिगोझिन ने कहा कि बाखमुत में उसके सैनिकों को हथियारों की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है।

उल्लेखनीय है कि यूक्रेन के बाखमुत में रूस की जीत में वैगनर ग्रुप की अहम भूमिका रही और अब वैगनर ग्रुप के लड़ाके बाखमुत से मोर्चा छोड़ चुके हैं। अब रूसी सेना ने बाखमुत को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रिगोझिन ने दावा किया कि बाखमुत में रूसी रक्षा मंत्रालय की नीतियों की वजह से उनके लड़ाकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। अब रूसी सेना के कमांडर को ही बंधक बनाने से साफ है कि रूस में प्रिगोझिन का प्रभाव काफी बढ़ गया है और वह खुल तौर पर रूसी सेना को चुनौती दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *