भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 10 लोगों समेत 11 की मौत, बच्ची घायल

उत्तर प्रदेश राज्य लखनऊ शहर

धमतरी/रायपुर : बुधवार देर रात धमतरी-कांकेर रोड नेशनल हाईवे-30 पर ट्रक और बोलेरो में जोरदार टक्कर के बाद 10 लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि हादसे में मारे गए सभी लोग बारात से लौट रहे थे. मृतकों में चार युवक, पांच महिला और एक बच्चा शामिल है. सभी धमतरी जिले के सोरम- भटगांव के निवासी हैं. गंभीर रूप से घायल छह माह की बच्ची को इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है.

पुरूर थाना प्रभारी अरुण कुमार साहू के अनुसार बुधवार रात साढ़े दस बजे बालोद जिले के जगतरा ग्राम से तीन किलोमीटर पहले यह सड़क हादसा हुआ. सोरम-भटगांव से बोलेरो में सवार 11 लोग बारात में ग्राम मारकाटोला गए थे. वहां से देर रात वापस घर लौट रहे थे. धमतरी-कांकेर नेशनल हाइवे पर जगतरा से तीन किलोमीटर पहले कांकेर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से बोलेरो की टक्कर हो गई जिसमें एक ही परिवार के दस लोगों समेत 11 लोगों की मौत हो गई.

इनमें नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, एक बच्चे ने धमतरी के निजी अस्पताल में दम तोड़ा. पुलिस ने गंभीर रूप से घायल छह माह की बच्ची को उपचार के लिए रायपुर भेजा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *