संभल । उत्तर प्रदेश के संभल के चंदौसी इलाके में आलू कोल्ड स्टोरेज की छत गिरने से अभी तक 10 लोगों की मृत्यु हो गई है। 5 लोगों का इलाज चल रहा है और 6 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। अभी 3 लोग लापता हैं। 2 लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। बचाव अभियान जारी है .
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इमारत के गिरने के बाद अमोनिया गैस का रिसाव भी हुआ है।
दमकल विभाग की टीम ने अंदर पहुंचकर लीकेज को बंद कर दिया है।
उत्तर प्रदेश सरकार संभल के चंदौसी इलाके में आलू कोल्ड स्टोरेज की छत गिरने की घटना में मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये देगी। सभी घायलों का नि:शुल्क इलाज किया जाएगा।
SP चक्रेश मिश्रा ने बताया यहां के मालिक, 2 नामजद लोगों के ख़िलाफ़ FIR दर्ज़ कर ली गई है। हमने 4 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है। मलबा हटने के बाद ही इस बिल्डिंग के गिरने का असल कारण बता पाएंगे।
सात से आठ जेसीबी मशीनें मलबा हटाने और उसमें दबे लोगों को निकालने का काम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने को कहा गया है।
