बीते शुक्रवार 17 फरवरी को कार्तिक आर्यन अभिनीत व निर्मित शहजादा का प्रदर्शन हुआ। इस फिल्म को लेकर कार्तिक आर्यन न सिर्फ अभिनेता के तौर पर अपितु निर्माता के तौर पर भी काफी आशान्वित नजर आ रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि उनकी यह फिल्म उन्हें रूमानी नायक के साथ ही एक्शन का तमगा दिलाने में सफल होगी। लेकिन उनकी समस्त आशाओं पर दर्शकों ने पानी फेर दिया। अल्लू अर्जुन की अला वैंकुण्ठपुरोमलो की इस रीमेक को उन्होंने नकार दिया है।
कार्तिक आर्यन की फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 6 करोड़ का कारोबार किया था, जो उनकी पहली सुपर हिट फिल्म रही सोनू के टीटू की स्वीटी से भी कम था। उनकी पिछली सुपर हिट रही भुल भुलैय्या-2 ने पहले दिन 14 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया था। दूसरे दिन शहजादा ने मामूली से बढ़ोतरी लेते हुए 6.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया। उम्मीद थी कि रविवार को यह फिल्म 10 करोड़ का कारोबार करने में सफल हो जाएगी लेकिन अफसोसा रविवार के दिन भी दर्शकों ने इससे दूरी बनाए रखी। फिल्म ने तीसरे दिन यानी रविवार को लगभग 7.5 करोड़ का कारोबार किया है। अपने पहले वीकेंड में शहजादा ने सिर्फ 20 करोड़ का कारोबार करने में सफलता प्राप्त की है।
हालांकि फिल्म के निर्माताओं ने प्रदर्शन पूर्व ही अपनी लागत को फिल्म के अधिकारों को 65 करोड़ की बड़ी रकम में बेचकर निकालने में सफलता प्राप्त कर ली थी। इस फिल्म को 65 करोड़ के बजट में बनाया गया था और 20 करोड़ रुपये इसके प्रमोशन पर खर्च किए गए, जिससे लागत 85 करोड़ की हो गई थी। अभी भी फिल्म को अपनी लगी हुई लागत 85 करोड़ को निकालने के लिए 10 करोड़ की आवश्यकता और है, उम्मीद है उनके यह 10 करोड़ इस सप्ताह के शेष 4 दिनों में निकल जाएंगे।
