ईद के मौके पर होगा सलमान और ऐश्वर्या राय में टकराव, 150 करोड़ के सामने 500 करोड़

मनोरंजन

आगामी वर्ष की ईद पर सलमान खान अपनी फिल्म किसी का भाई किसी की जान लेकर आ रहे हैं। पहले इस मौके पर यशराज फिल्म्स की टाइगर-3 आने वाली थी लेकिन अचानक से कुछ दिन पहले इस फिल्म को दिवाली 2023 पर प्रदर्शित करने की घोषणा कर दी गई और ईद के मौके पर सलमान खान की फहाद सामजी के निर्देशन में बन रही किसी का भाई किसी की जान को प्रदर्शित करने की घोषणा कर दी गई। इस फिल्म का निर्माण सलमान खान साजिद नडियाडवाला के साथ मिलकर कर रहे हैं। यह दक्षिण के सुपर सितारों में शामिल रहे पवन कल्याण की तेलुगू फिल्म का रीमेक है जिसमें पवन कल्याण के साथ श्रुति हासन ने मुख्य भूमिका निभाई थी। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी। सलमान खान ने एक असफल फिल्म का रीमेक क्यों बनाना चाहा है यह समझ में नहीं आया है।

बॉक्स ऑफिस पर जब भी सलमान खान की कोई फिल्म आती है तो उससे एक सप्ताह पहले और एक सप्ताह बाद तक कोई दूसरी बड़ी फिल्म का प्रदर्शन नहीं होता है। लेकिन इस बार यह परम्परा टूटने जा रही है। ईद 2023 के मौके पर सलमान खान को बॉक्स ऑफिस पर उनकी पूर्व गर्लफ्रेंड ऐश्वर्या राय की फिल्म से टकराव मोल लेना पड़ेगा।

सलमान खान की किसी का भाई किसी की जान और ऐश्वर्या राय की पोन्नियन सेल्वन-2 अगले साल अप्रैल में ईद के मौके पर प्रदर्शित होंगी और इन दोनों फिल्मों के टकराव को लेकर अभी से कयास लगने शुरू हो गए हैं। इन कयासों में यह कहा जा रहा है कि हो सकता है सलमान खान अपनी फिल्म को ईद के मौके पर प्रदर्शित न करें, क्येंकि पोन्नियन सेल्वन अब एक ब्रांड बन चुकी है। इसके पहले भाग ने इस वर्ष प्रदर्शित होकर बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ से ज्यादा का कारोबार करने में सफलता प्राप्त की है और अब दर्शकों को इसके दूसरे भाग का इंतजार है जिसकी घोषणा पहले भाग के अन्त में कर दी गई है।

दोनों फिल्मों के बीच रहेगा एक सप्ताह का अन्तराल

हालांकि किसी का भाई किसी की जान और पोन्नियन सेल्वन-2 के बीच बॉक्स ऑफिस पर सीधा टकराव नहीं हो रहा है। इन दोनों फिल्म के प्रदर्शन में एक सप्ताह का अन्तर रहेगा। पहले ईद के मौके पर 21 अप्रैल 2023 को सलमान खान की फिल्म आएगी और उसके अगले सप्ताह 28 अप्रैल 2023 को ऐश्वर्या राय अभिनीत पोन्नियन सेल्वन-2 का प्रदर्शन होगा। अब तक ऐसा माना जा रहा था कि सलमान खान की फिल्म के आसपास किसी बड़ी फिल्म के आने की संभावना नहीं है। लेकिन ताजा रिपोट्र्स की मानें तो ऐश्वर्या राय स्टारर पोन्नियन सेल्वन-2 इस फिल्म को टक्कर देने के लिए इसके अगले सप्ताह ही 28 अप्रैल को पर्दे पर आएगी। जाहिर सी बात है कि जब इतनी बड़ी फिल्म अचानक से सामने आएगी तो सलमान खान की फिल्म का बॉक्स ऑफिस गणित डगमगाएगा।

गौरतलब है कि सलमान खान की किसी का भाई किसी की जान सिर्फ 150 करोड़ में बन रही है, जबकि पोन्नियन सेल्वन का बजट 500 करोड़ है। हालांकि मूल रूप से पोन्नियन सेल्वन-2 एक तेलुगू फिल्म है जिसे मणिरत्नम ने निर्देशित किया है इसे तेलुगू के साथ-साथ तमिल, कन्नड, मलयालम और हिन्दी में प्रदर्शित किया जा रहा है। पोन्नियन सेल्वन-1 को भी हिन्दी में प्रदर्शित किया गया था लेकिन इसने हिन्दी बॉक्स ऑफिस पर कोई बहुत बड़ी सफलता प्राप्त नहीं की थी लेकिन यह चर्चाओं में बहुत ज्यादा रही। इसी के चलते यह माना जा रहा है कि पोन्नियन सेल्वन-2 हिन्दी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता प्राप्त करने में सफल होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *