परिवार की महत्त्वता का संदेश देता है गुडबाय का ट्रेलर, अरसे बाद दिखी नई कहानी

मनोरंजन

अमिताभ बच्चन और रश्मिका मंदाना की फैमिली ड्रामा फिल्म गुडबाय का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस फिल्म में नीना गुप्ता एक बार फिर से कॉमेडी का तडक़ा लगाती नजर आएंगी। खास बात यह है कि फिल्म गुडबाय से पुष्पा एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली है। फिल्म के पोस्टर्स की तरह फिल्म का ट्रेलर भी शानदार है और फैमिली वाइब्स देता है। फैन्स को काफी पसंद आ रहा है क्योंकि इसमें एक परिवार में होने वाली खटपट और परिवार के सदस्यों के बीच का बॉन्ड बखूबी दिखाया गया है। यही कारण है कि लोग गुडबाय को एक परफेक्ट एंटरटेनर फिल्म बता रहे हैं।

गुडबाय के ट्रेलर को सोशल मीडिया पर बेहतरीन रिस्पॉन्स मिल रहा है। दिल छूने वाला कथानक, फैमिली बॉन्ड, इमोशंस, कॉमेडी और ड्रामा इसमें सब कुछ है। ट्रेलर में दिखाई गई अमिताभ बच्चन और रश्मिका मंदाना की नोंकझोंक सबसे ज्यादा प्रभावित करती है। फिल्म का सरप्राइज पैकेज सुनील ग्रोवर हैं, ट्रेलर में उनके जितने भी दृश्य हैं उसमें वो कमाल के लगे हैं। फिल्म की कहानी में नयापन है, इसलिए जिस तरह से इसके ट्रेलर को दर्शकों का प्रतिसाद मिल रहा है उससे उम्मीद की जा सकती हैकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार करने में सफल होगी। माँ की मौत के बाद उनके अंतिम संस्कार को लेकर हुए श्यापे, परिवार के सदस्यों के अलग-अलग विचारों और तौर तरीकों को दिखाती यह फिल्म परिवार की महत्त्वता का जबरदस्त संदेश देती नजर आती है।

अमिताभ बच्चन ने रश्मिका मंदाना के पिता और नीना गुप्ता ने माँ की भूमिका का निर्वाह किया है। फिल्म में पवैल गुलाटी, अभिषेक खान, साहिल मेहता, पायल थापा भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म का लेखन- निर्देशन विकास बहल ने किया है जो दर्शकों को क्वीन और सुपर-30 सरीखी फिल्में दे चुके हैं।

एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना ने गुडबाय के ट्रेलर को पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, हमारे गुडबाय बेबी का एक हिस्सा अब आपका है। यह कई कारणों से बहुत स्पेशल है, लेकिन फिलहाल में यही उम्मीद कर सकती हूं कि यह फिल्म आपको और आपके परिवार को पसंद आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *