रोहित शर्मा के आईपीएल में 10 हजार रन पूरे, 500 चौके लगाने वाले 5वें बल्लेबाज बने

स्पोर्ट्स

पुणे : बुधवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस एक बार फिर से हार का सामना करना पड़ा है. इस सीजन में मुंबई इंडियंस का अभी तक खाता नहीं खुला है और ये उसकी लगातार 5वीं हार है. इन सबके बीच रोहित शर्मा ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है.

बता दें कि कल के मैच में मुंबई इंडियंस मैच भले ही हार गई हो, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा के लिए बुधवार का दिन बेहद खास रहा है. दरअसल, रोहित शर्मा ने इस मैच में 17 गेंदों पर तीन चौकों और 2 छक्कों की बदौलत 28 रन बनाए, इसी के साथ आईपीएल में रोहित शर्मा के 500 चौके भी पूरे हो गए और ऐसा करने वाले वह पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं. इसके अलावा उन्होंने टी20 क्रिकेट में 10,000 रन पूरे कर लिए हैं. इससे पहले विराट कोहली के भी टी20 क्रिकेट 10,000 रन हैं.

हालाँकि, रोहित शर्मा के आईपीएल में 500 चौके और टी 20 में 10,000 रन की उपलब्धियों के अलावा, मुंबई इंडियंस के लिए जश्न मनाने के लिए कुछ भी ज्यादा नहीं था क्योंकि वे पंजाब किंग्स से 12 रनों से हार गए थे, जो कि इस सीजन मे उनकी लगातार पांचवीं हार थी. वहीं, मैच के बाद मुंबई इंडियंस पर धीमी ओवर गति के लिए 24 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया.

बता दें कि पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 198 रन बनाए. पंजाब की तरफ से सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने 70 और कप्तान मयंक अग्रवाल ने 52 रन बनाए. इन दोनों के अलावा जितेश शर्मा ने 15 गेंदों पर 30 रनों की धमाकेदार पारी खेली. मुंबई की तरफ से बासिल थंपी ने 2, जयदेव उनादकट, जसप्रीत बुमराह और मुरुगन अश्विन ने 1-1 विकेट लिया.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 189 रन ही बना सकी और 12 रनों से मैच हार गई. मुंबई की तरफ से डेवाल्ड ब्रेविस ने 49, सूर्यकुमार यादव ने 43, तिलक वर्मा ने 36 और कप्तान रोहित शर्मा ने 28 रन बनाए. पंजाब की तरफ से ओडियन स्मिथ ने 4, कागिसो रबाडा ने दो और वैभव अरोड़ा ने 1 विकेट लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *