दो दिन पहले रणवीर सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम से अपनी शादी की फोटोज हटाई थी। उनके ऐसा करने पर उनके प्रशंसक हैरान रह गए, कारण रणवीर और दीपिका पादुकोण आने वाले सितम्बर माह में माता-पिता बनने वाले हैं। रणवीर के फोटोज डिलीट करने पर उनके प्रशंसकों को लगा कि कहीं दोनों की शादी में कोई दिक्कत तो नहीं आ रही। हालांकि इन सब अटकलों के बीच अब रणवीर हाल ही में एक इवेंट में पहुंचे और वहां उन्होंने कुछ ऐसा कहा कि ये अटकलें खत्म हो गई हैं।
दरअसल, रणवीर से पूछा गया कि उनकी ऐसी कौनसी ज्वैलरी है जो उनके दिल के करीब है। इस पर रणवीर सिंह कहते हैं कि उन्हें अपनी शादी की रिंग बहुत पसंद है जो दीपिका पादुकोण ने उन्हें पहनाई थी। इसके अलावा प्लैटिनम रिंग जो सगाई की है। रणवीर यह भी बताते हैं कि उनकी मां के डायमंड इयरिंग और दादी के मोती भी उनके करीब हैं। बस रणवीर की इस बात से फैंस खुश हो गए हैं कि चलो दोनों के बीच सब ठीक है।
हाल ही में रणवीर और दीपिका साथ में वेकेशन पर गए। इस दौरान की दोनों की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई जिसमें एक्ट्रेस का बेबी बंप भी नजर आया था। ऐसा कहा जा रहा था कि दोनों बेबीमून एंजॉय कर रहे हैं।
बता दें कि रणवीर और दीपिका ने साथ में नवंबर 2018 में शादी की थी और दोनों अब सितंबर 2024 में पैरेंट्स बनने वाले हैं। दोनों ने सोशल मीडिया पर प्रेग्नेंसी की अनाउंसमेंट की।
वहीं दोनों की प्रोफेशनल लाइफ की बात करें तो रणवीर और दीपिका अब फिल्म सिंघम अगेन में नजर वाले हैं। इस फिल्म में रणवीर के साथ-साथ दीपिका भी पुलिस ऑफिसर बनी हैं। इन दोनों के अलावा फिल्म में अजय देवगन, अक्षय कुमार, करीना कपूर खान, टाइगर श्रॉफ और अर्जुन कपूर भी हैं। फिल्म को रोहित शेट्टी डायरेक्ट कर रहे हैं। इस फिल्म के अलावा दीपिका कल्कि 2898 एडी में नजर आने वाली हैं जिसमें प्रभास और अमिताभ बच्चन लीड रोल में होंगे।
