हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के मल्लावां में बुधवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया है. हादसे में सड़क के किनारे घर के बाहर सो रहे परिवार पर बालू से भरा ट्रक पलट गया. जिससे की एक ही परिवार के आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि हादसे में एक बच्ची घायल हुई है. इस भयावह हादसे के बाद आसपास के इलाके में कोहराम मच गया.
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया. इसके बाद सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने JCB और हाइड्रा की मदद से ट्रक के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला. ये हादसा मल्लावां थाना क्षेत्र के कटरा विल्हौर मार्ग पर चुंगी नंबर दो के पास हुआ है. जहां झोपड़ी बनाकर रह रहे उस परिवार को क्या पता था कि यह रात उनकी आखिरी रात होगी.
घटना से इलाके में कोहराम मच गया. साथ पुलिस के कई बड़े अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी का रेस्क्यू शुरू किया. हादसे में सिर्फ एक मासूम बच्ची घायल है जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है. वहीं हादसे में मारे गए लोगों में कई बच्चों के होने की भी बात सामने आ रही है.
