गोरखपुर, जेएनएन : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले चार सालों में उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर हुआ है। किसानों को बरगलाने वाले लोगों को उत्तर प्रदेश के वनटांगिया गांव के लोगों से सीख लेनी चाहिए। कांट्रेक्ट फार्मिंग का मतलब किसानों की भूमि लेना नहीं है, बल्कि इसके जरिये अधिक उत्पादन प्राप्त करना है। 2017 में प्रदेश में सरकार बनने के बाद सबसे पहले किसानों की कर्जमाफी की गई। महराजगंज जनपद में एक लाख किसानों का कर्ज माफ हुआ, जिन्हें विकास अच्छा नहीं लगता, वह किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर अराजकता फैला रहे हैं। मुख्यमंत्री महराजगंज के महंत अवेद्यनाथ डिग्री कालेज चौक में 279.30 करोड़ की लागत की 114 योजनाओं का लोकार्पण- शिलान्यास करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बिना भेदभाव के विकास हो रहा है। स्थान देखकर नहीं, सभी को समान रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। 16 जनपद मेडिकल कालेज बनने के लिए चयनित हैं, उसमें महराजगंज भी शामिल है। स्वच्छ भारत अभियान की देन है कि हम इंसेफेलाइटिस पर काबू पाने में सफल हुए हैं। 1977 से 2017 तक इंसेफेलाइटिस के चलते हजारों नौनिहाल हर साल काल कवलित होते थे, लेकिन जाति-धर्म के आधार पर सत्ता में आए लोगों ने शौचालय व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कर संवेदना दिखाने का काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि चौक के साथ परतावल, पनियरा व बृजमनगंज भी नगर पंचायत के रूप में घोषित हुए हैं। अब यहां के लोगों को नगरीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा। रोजगार के अवसर सृजित होंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 40 लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराया गया। पिछले चार वर्षों में 100 से अधिक नगर निकाय बनाए गए हैं।
कोरोना से अमेरिका में जान गंवा चुके पांच लाख लोग
कोरोना के चलते अमेरिका जैसे देश में पांच लाख लोग मर गए, लेकिन उत्तर प्रदेश ने इस महामारी से अपने को बचा लिया है। उन्हाेंने काेरोना को लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। इसी के चलते नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी से लेकर पीलीभीत तक सड़क बनाई जा रही है। कहा कि आजादी के बाद प्रदेश के अंदर 100 गांव ऐसे थे, जिनको कोई सुविधा नहीं मिल पाई थी। जिले के 18 वनटांगिया गांवों के लोग पहली बार प्रधान का चुनाव करेंगे। सांसद पंकज चौधरी, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, जयमंगल कन्नौजिया, बजरंग बहादुर सिंह, अमन मणि त्रिपाठी, प्रेमसागर पटेल, भाजपा के जिला प्रभारी सुभाष यदुवंश, जिलाध्यक्ष परदेसी रविदास, वीरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।