साल 2019 में अजय देवगन, तब्बू और रकुल प्रीत सिंह की कॉमेडी फिल्म ‘दे दे प्यार दे’ रिलीज हुई थी। लव रंजन के प्रोडक्शन में बनी इस कॉमेडी फिल्म ने दुनियाभर में करीब 143 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। मेकर्स ने फिल्म का सीक्वल बनाने का फैसला किया है। यह जून से फ्लोर पर जाने वाली है। इस बीच कास्टिंग को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक ‘दे दे प्यार दे 2’ में अजय के साथ दिग्गज एक्टर अनिल कपूर भी होंगे।
अनिल को जब फिल्म का कॉन्सेप्ट बताया गया तो उन्होंने तुरंत रजामंदी दे दी। कहा जा रहा है कि हंसाने के मामले में ये फिल्म पहले पार्ट से भी आगे होगी। कहानी के केंद्र में अजय और अनिल की भिड़ंत होगी। पहले पार्ट में अजय रिश्ते के लिए परिवार को मनाते हैं। सीक्वल में अजय, रकुल के किरदार आयेशा के परिवार को मनाने की कोशिश करेंगे। अनिल फिल्म में आयेशा के पिता बनेंगे। उल्लेखनीय है कि अनिल की पिछली दो फिल्में ‘एनिमल’ और ‘फाइटर’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार बिजनेस किया।
अनिल में कुछ ऐसी बात है कि लोग आज भी उन्हें पसंद करते हैं। ‘दे दे प्यार दे’ के डायरेक्टर अकीव अली थे, जबकि दूसरे पार्ट को अंशुल शर्मा डायरेक्ट करेंगे। शूटिंग लंदन में शुरू होने वाली है। शूटिंग इसी साल पूरी हो जाएगी। मेकर्स इसे 1 मई 2025 को रिलीज करना चाहते हैं। अगर अजय की बात करें तो इस साल उनकी दो फिल्में शैतान और मैदान रिलीज हो चुकी हैं। फिलहाल वे ‘सिंघम अगेन’ और ‘रेड 2’ की शूटिंग में बिजी हैं, जो 2024 में ही रिलीज होंगी।
