संवाद सहयोगी, मोदीनगर :
तिबड़ा रोड स्थित सहकारी गन्ना विकास समिति का खाद गोदाम खस्ता हालत में है। दो महीने पहले दैनिक जागरण ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। जिस पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों ने तीन दिन के अंदर गोदाम का मरम्मत कार्य शुरू कराने के आदेश दिए थे। लेकिन, अभी तक गोदाम की मरम्मत का कार्य शुरू ही नहीं हो पाया है। स्थानीय अधिकारी आदेशों की अवहेलना करने में लगे हैं। जर्जर खाद गोदाम से किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ेगा।
सहकारी गन्ना विकास समिति परिसर में ही खाद गोदाम बना हुआ है, जहां से किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाती है। रोजाना बड़ी संख्या में किसान यहां आते हैं। लेकिन, देखरेख के अभाव में खाद गोदाम की स्थिति बदहाल हो चुकी है। दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। जगह-जगह से प्लास्टर हट चुका है। दीवारों की ईटें भी नजर आ रही हैं। छत भी जर्जर हाल में है। गोदाम में प्लास्टर निकलकर गिरने से कई किसान घायल भी हो चुके हैं। हालात यह है कि अब तो किसान भी गोदाम में जाने से डरने लगे हैं। गोदाम की इस जर्जर हालत को दैनिक जागरण ने जनवरी माह में प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसपर संज्ञान लेते हुए उच्चाधिकारियों ने समिति को नोटिस जारी किया था। अधीनस्थों को फटकार लगाते हुए तीन दिन के भीतर ही गोदाम में मरम्मत कार्य शुरू कराने के आदेश दिए थे। लेकिन अब तीन दो महीने बीत जाने के बाद भी कोई काम शुरू नहीं हुआ है। इसमें विभागीय लापरवाही साफ दिखाई पड़ रही है।