पिछले काफी समय से भारत में डीपफेक का मुद्दा गंभीर होता जा रहा है। कई सितारे डीपफेक वीडियो का शिकार हो चुके हैं और अभी भी यह थमा नहीं है। हिन्दी सिनेमा के दिग्गज सितारे आमिर खान और रणवीर सिंह भी इससे बच नहीं पाए, जिसके बाद दोनों ने इस मामले में FIR दर्ज कराई थी। और अब इस मामले में दक्षिण भारत के सुपर सितारे अल्लू अर्जुन का नाम भी जुड़ गया है। प्राप्त समाचारों के अनुसार पुष्पा स्टार अल्लू अर्जुन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसको लेकर डीपफेक की बात कही जा रही है। लोकसभा चुनाव 2024 का मतदान चरण शुरू हो चुका है और नेताओं की रैलियों में सेलिब्रिटीज के प्रचार के वीडियो सामने आ रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डीपफेक वीडियोज की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। कुछ मशहूर हस्तियों के भी वीडियो सामने आए हैं, जिनमें कि दावा किया जा रहा है कि वे चुनाव प्रचार कर रहे हैं। चुनाव के दौरान जनता को गुमराह करने के लिए इस तरीके के हथकंडों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अब अभिनेता अल्लू अर्जुन की एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसको लेकर कहा जा रहा है कि वह कांग्रेस के लिए चुनाव का प्रचार कर रहे हैं। हालांकि बाद में पता चल गया कि इस वीडियो को AI की मदद से बनाया गया था और यह फेक है।
खुली कार में प्रचार के लिए निकले अल्लू
इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि अल्लू अर्जुन एक खुली कार में खड़े हैं। उन्होंने ऑफ व्हाइट रंग का सूट पहना है और गले में कांग्रेस के प्रचार का निशान है। वह लोगों के सामने हाथ हिलाते हैं और बगल में उनकी पत्नी स्नेहा खड़ी हैं। अल्लू अर्जुन के आसपास और भी कई लोग नजर आ रहे हैं। इसके अलावा उस रोड शो में भी भीड़ दिख रही है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, ‘अल्लू अर्जुन कांग्रेस के प्रचार के लिए मैदान में हैं।’
ज्ञातव्य है कि अल्लू अर्जुन कांग्रेस के लिए प्रचार नहीं कर रहे हैं, बल्कि यह वीडियो न्यूयॉर्क का है। साल 2022 में अल्लू अर्जुन इंडिया डे परेड में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए न्यूयॉर्क गए थे। वहां अल्लू अर्जुन को ग्रैंड मार्शल की उपाधि से सम्मानित किया गया था। अल्लू अर्जुन ने खुद भी वहां से कई सारे वीडियो शेयर किए थे। सिर्फ इतना ही नहीं न्यूयॉर्क में कपल ने भारत की आजादी के 75 साल पूरा होने का जश्न भी मनाया था। इसका वीडियो भी उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर किया था।
अल्लू अर्जुन इन दिनों अपनी फिल्म पुष्पा-2: द रूल को पूरा करने में जुटे हुए हैं। कुछ समय पहले ही इस फिल्म का टीजर और पोस्टर भी जारी किया गया था। फिल्म की शूटिंग फाइनल स्टेज में है और यह 15 अगस्त 2024 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इस फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ श्रीवल्ली यानि रश्मिका मंदाना भी नजर आने वाली हैं।