कुरान का पेज जलाने पर थाने से आरोपी को निकालकर मारी गोली, फिर लटकाया

विदेश

नई दिल्ली : पाकिस्तान से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां कुरान की बेअदबी के आरोप में गुस्साई भीड़ ने एक शख्स की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना खैबर पख्तूनख्वाह के स्वात जिले की है. इस दौरान फैली हिंसा में आठ लोग घायल हो गए हैं.

स्वात के डिस्ट्रिक्ट पुलिस ऑफिसर (डीपीओ) जहीदुल्लाह ने कहा कि पंजाब के सियालकोट जिले के एक शख्स ने गुरुवार रात को कथित तौर पर कुरान के कुछ पेज जला दिए थे. इस आरोप में आरोपी को कस्टडी में लेकर मदयान पुलिस स्टेशन लाया गया था. लेकिन पुलिस स्टेशन के बाहर भीड़ जुटी और मांग की कि आरोपी को उन्हें सौंप दिया जाए.

डीपीओ ने बताया कि जब पुलिस ने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो भीड़ ने फायरिंग करनी शुरू कर दी. इस पर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. दोनों ओर से हुई इस फायरिंग में एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.

जहीदुल्लाह ने बताया कि भीड़ ने थाने में आग लगा दी. इसके बाद कुछ लोग थाने में घुसे, संदिग्ध पर गोली मारी. उसके शव को मदयान अड्डे तक घसीटकर लेकर आए और वहां लटका दिया.

उन्होंने बताया कि इस घटना में आठ लोग घायल हो गए हैं. मदयान में पुलिस की भारी तैनाती की गई है और स्थिति को काबू में करने की कोशिश की जा रही है. खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री केपीके अली अमीन ने इस घटना पर संज्ञान लेकर प्रांतीय पुलिस प्रमुख से रिपोर्ट मांगी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *