लखनऊ, दिनांक 06 दिसम्बर, 2025 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशाख जी0 द्वारा विधानसभा-172 लखनऊ उत्तर एवं विधानसभा-175 लखनऊ कैंटोनमेंट के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण करते हुए गणना प्रपत्रों का कलेक्शन और फीडिंग की प्रगति का जायज़ा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने आईआईएम रोड स्थित महर्षि विद्या मंदिर के बूथ 310, 311, 312, 313, 314, 315, 316, 317, 318 एवं फैजुल्लागंज गौरभीठ स्थित एमडी कॉन्वेंट कॉलेज के बूथ संख्या 306, 307, 308 एवं 309 का स्थलीय निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। तत्पश्चात उन्होंने मड़ियांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय छावनी मड़ियांव एवं प्राथमिक विद्यालय छावनी मड़ियांव के बूथ संख्या 246, 247, 248, 249, 250 एवं 244, 245 का भी निरीक्षण करते हुए गणना प्रपत्र के कलेक्शन और फीडिंग की प्रगति का जायज़ा लिया।
उक्त के अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विधानसभा-175 लखनऊ कैंटोनमेंट के विभिन्न बूथों का निरीक्षण करते हुए किए जा रहे कार्य की प्रगति का जायज़ा लिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सदर बाजार स्थित हरीश चंद्र इंटर कालेज एवं उदयगंज स्थित चुटकी भंडार गर्ल्स इंटर कॉलेज स्थित बूथों का भ्रमण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) द्वारा अवगत कराया की मतदाताओं द्वारा विधिवत रूप से भरे गए गणना प्रपत्र को बीएलओ के पास वापस जमा करने की प्रक्रिया चल रही है।
समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने गणना प्रपत्र को जल्द से जल्द भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा कर दें।* जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि कल दिनांक 7 दिसम्बर 2025 रविवार को जनपद के समस्त बूथों पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिन मतदाताओं के द्वारा गणना प्रपत्र अभी तक बीएलओ को उपलब्ध नहीं कराए गए है उनसे अनुरोध है कि अंतिम तिथि का इतंजार न करते हुए कल ही अपने बूथ पर जा कर भरे हुए गणना प्रपत्र बीएलओ को उपलब्ध कराए ताकि ससमय उनका डिजिटाइजेशन किया जा सके।
