नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित शराब घोटाले के सिलसिले में सीबीआई ने तिहाड़ जेल से गिरफ्तार कर लिया है. सीबीआई की तरफ से यह कार्रवाई ऐसे समय में की गई है जब बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में केजरीवाल की जमानत पर सुनवाई होनी थी.
कथित शराब घोटाले केस में ही सीबीआई ने तिहाड़ जेल में सीएम केजरीवाल से मंगलवार को पूछताछ की थी. इसके बाद केंद्रीय एजेंसी ने मंगलवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया. उनका बयान रिकॉर्ड किया गया है. उन्हें कल बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा और एजेंसी उनकी कस्टडी मांगेगी.
आम आदमी पार्टी (आप) ने सीबीआई द्वारा केजरीवाल की गिरफ्तारी को केंद्र सरकार की साजिश करार दिया है. पार्टी नेता संजय सिंह ने आरोप लगाया, “सुप्रीम कोर्ट में केजरीवाल की जमानत पर सुनवाई से पहले केंद्र सरकार षडयंत्र रच रही है. केजरीवाल को जमानत न मिले उसके लिए भाजपा सरकार ने सीबीआई के साथ मिलकर यह साजिश रची है.”
उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल को सीबीआई की तरफ से फर्जी केस में गिरफ्तारी की गई है. केंद्र सरकार ने सीबीआई के अधिकारियों के साथ मिलकर बड़ी साजिश रची है.”
हाई कोर्ट ने रद्द की केजरीवाल की जमानत
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अब तक कथित शराब घोटाले केस में तिहाड़ जेल में बंद थे. इस केस में उन्हें ईडी ने गिरफ्तार किया था. हालांकि, लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें अंतरिम जमानत मिली थी. बाद में उन्हें फिर से जेल जाना पड़ा. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें हाल ही में जमानत दी थी लेकिन आज मंगलवार को दिल्ली हाई कोर्ट से उन्हें तब बड़ा झटका लगा, जब हाई कोर्ट ने निचली अदालत की जमानत आदेश पर रोक लगा दी.
